
शिमला। ठंड ने अब अपना असर दिखाना शुरु कर दिया है। बर्फीले इलाकों में अब बर्फबारी (हिमपात ) से पूरे देश को ठंड धीरे धीरे अपने आगोाश में ले रही है। लाहौल-स्पीति में भारी हिमपात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बीते तीन दिनों से जिले में रुक-रुककर हिमपात हो रहा है। समूची लाहौल घाटी कड़ाके की ठंड की चपेट में है। लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलंग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री नीचे चला गया है। केलंग में 30 सेंटीमीटर और गोंदला में 20 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है।
बर्फबारी के कारण केलंग में यातायात ठप है। मनाली-लेह सड़क पर भी वाहनों की आवाजाही बाधित है। भारी हिमपात से विश्व विख्यात रोहतांग दर्रा बंद हो गया है। रोहतांग और अटल टनल से होकर जाने वाले सैंकड़ों वाहन और पर्यटक बर्फबारी में फंस गए हैं। अटल टनल के दोनों छोर पर बर्फ की मोटी परत जम गई है। लाहौल स्पीति व आसपास के क्षेत्रों में सीजन का यह पहला भारी हिमपात है। इसके अलावा किन्नौर,चम्बा और मनाली की ऊंची चोटियों पर भी हल्का हिमपात हुआ है। वहीं राजधानी शिमला व आसपास के इलाकों में बादलों के बीच धूप खिली रही।

0 Comments