Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Ticker

6/recent/ticker-posts

Monkeypox : देश में मंकीपॉक्स के मामलों पर नजर रखने के लिए कार्यबल गठित

नयी दिल्ली | देश में मंकीपॉक्स के मामलों पर नजर रखने और संक्रमण की रोकथाम के लिए उठाए जाने वाले कदमों के संबंध में निर्णय लेने के वास्ते एक कार्यबल का गठन किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने 'पीटीआई-भाषा को बताया कि यह कार्यबल देश में संक्रमण का पता लगाने के लिए जांच केंद्रों के विस्तार को लेकर सरकार का मार्गदर्शन करेगा और बीमारी की रोकथाम के लिए टीकाकरण संबंधी पहलुओं पर नजर रखेगा।

उस 22 वर्षीय पुरुष के मंकीपॉक्स से संक्रमित होने की सोमवार को पुष्टि हो गई, जिसकी केरल में पिछले सप्ताह मौत हो गई थी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह व्यक्ति हाल में संयुक्त अरब अमीरात से लौटा था और वहां भी उसके नमूने जांच में संक्रमित पाए गए थे। भारत में अब तक इस बीमारी के पांच मामले सामने आए हैं।

कार्यबल के गठन का निर्णय देश में चल रही जनस्वास्थ्य संबंधी तैयारियों की समीक्षा के लिए 26 जुलाई को आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया था। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वी के पॉल इस कार्यबल की अगुवाई करेंगे। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने हाल में मंकीपॉक्स को वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है।वैश्विक स्तर पर, 75 देशों में मंकीपॉक्स के 16,000 से अधिक मामले पाए गए हैं।



Post a Comment

0 Comments