जयपुर। केन्द्र सरकार के बाद अब राजस्थान की भजनलाल सरकार ने भी कर्मचारियों और पेंशनर्स को दीपावली से पहले बड़ी सौगात दी है। सीएम भजनलाल शर्मा ने सातवें वेतनमान के तहत महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 3 प्रतिशत की वृद्धि को स्वीकृति देकर कर्मचारियों और पेंशनर्स को दीपावली का तोहफा दिया है।
सरकार के इस कदम से महंगाई राहत 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। इसके साथ ही करीब 6 लाख पात्र कर्मचारियों को तदर्थ बोनस देने का भी निर्णय भजनलाल सरकार ने लिया है। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के 7 लाख से अधिक कर्मचारी और 5 लाख से अधिक पेंशनर्स को फायदा होगा। भजनलाल सरकार के इस कदम से चालू वित्त वर्ष में राज्य सरकार पर करीब 820 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।
महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) बढ़ी हुई दर 1 जुलाई, 2026 से प्रभावी होगी। जुलाई से अक्टूबर तक की चार महीने की बकाया राशि कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खातों में सरकार की ओर से जमा कराई जाएगी। वहीं नवंबर के वेतन के साथ बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता कर्मचारियों को नकद दिया जाएगा। पेंशनर्स को भी 1 जुलाई 2026 से महंगाई राहत का लाभ मिलेगा। उन्हें संशोधित महंगाई राहत नकद दी जाएगी और जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर भी भुगतान किया जाएगा।
करीब 6 लाख पात्र कर्मचारियों को मिलेगा तदर्थ बोनस
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने करीब 6 लाख पात्र कर्मचारियों को तदर्थ बोनस देने की भी स्वीकृति दी। इसका लाभ पे-मैट्रिक्स लेवल एल-12 या उससे नीचे अथवा 4800 रुपए या उससे कम ग्रेड पे वाले कर्मचारियों को मिलेगा। इससे चालू वित्त वर्ष में करीब 406 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार सरकार पर पड़ेगा। बोनस राशि का 75 प्रतिशत हिस्सा नकद और शेष 25 प्रतिशत कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में जमा होगा।
PC: newsbytesapp
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें

0 Comments